पब्लिक फर्स्ट। भोपाल।

घर-घर विराजेंगे प्रथम पूज्य, धूमधाम से घरों में लाएंगे श्रद्धालु; मिट्‌टी के गणेश होंगे विराजित
प्रथम पूज्य श्रीगणेश मंगलवार को घर-घर विराजेंगे। श्रद्धालु बप्पा को धूमधाम से घर लाएंगे और उन्हें विराजित करेंगे। इनके अलावा 1200 से अधिक सार्वजनिक स्थानों पर गणेश की प्रतिमाएं विराजित की जाएगी। न्यू मार्केट, लखेरापुरा, कोलार, आनंद नगर समेत पूरे शहर में आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। सोमवार को भी कई लोगों ने प्रतिमाएं विराजित की।

इस बार मिट्‌टी के गणेश की प्रतिमाओं को अधिकांश स्थानों पर विराजित किया जाएगा। ऐसा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में होगा। वहीं, बीजेपी ऑफिस में चंद्रयान-3 की थीम पर बनाई गई प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी

इस बार गणेश चतुर्थी तिथि दो दिन होने की वजह से शहर में झांकी पंडालों में सोमवार को भी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई। वहीं मंगलवार को भी प्रतिमाएं विराजित की जाएंगी। 21 साल बाद यह दूसरी बार होगा। जब तिथि को लेकर बनी असमंजस पूर्ण स्थिति के कारण कहीं गणेश उत्सव 9 तो कहीं 10 दिन मनेगा।

कहां, किस रूप में दिखेंगे प्रथम पूज्य
बीजेपी ऑफिस में चंद्रयान-3 थीम पर बनी गणेश जी की प्रतिमा विराजित की जाएगी। आदर्श नवदुर्गा मंदिर प्लेटिनम प्लाजा परिसर में प्रतिमा बनाई गई है। मंदिर के व्यवस्थापक चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि यह प्रतिमा कोलकाता के कलाकारों ने तैयार की है। श्री गणेश कमल पुष्प पर विराजमान है। भगवान गणेश लगभग 6 फीट की प्रतिमा है।

यहां भी विराजेंगे प्रथम पूज्य

इतवारा ट्रांसपोर्ट क्षेत्र की झांकी में भगवान गणेश विष्णु अवतार में तो कहीं शिव की गोद में तो कहीं मूषक पर विराजमान दिखेंगे।
न्यू मार्केट व्यापारी गणेश उत्सव समिति के पंडाल में लाल बाग के राजा गणेश होंगे।
नादरा बस स्टैंड के पास पंडाल में मयूर पर विराजेंगे।
छोला रोड की झांकी में अर्धनारीश्वर भगवान के साथ गणेशजी दिखेंगे।
शहर में कई जगहों पर 16 फीट तक ऊंची प्रतिमाएं भी विराजित होंगी।

सुबह से दिखा उत्साह
इससे पहले सोमवार से ही श्रद्धालुओं में गणेश उत्सव को लेकर उत्साह देखने को मिला। न्यू मार्केट, शिवाजी नगर, आनंद नगर, कोलार, मंदाकिनी चौराहा, गायत्री शक्तिपीठ, लखेरापुरा, पीरगेट, पांच नंबर मार्केट, माता मंदिर, मंगलवारा, बुधवारा, बिट्‌ठन मार्केट, 10 नंबर मार्केट, हमीदिया रोड, बैरागढ़, अशोका गार्डन समेत कई स्थानों पर मूर्ति की दुकानें लगी थीं। जहां लोगों की भीड़ लगी रही। मंगलवार को भी यहां भीड़ रहेगी।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.