पब्लिक फर्स्ट। लखनऊ। अभिषेक यादव।

अयोध्या में चैत्र शुक्ल नवमी, यानी 6 अप्रैल 2025 को, भगवान राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों की विस्तृत कार्यक्रम रूपरेखा जारी की है।

कार्यक्रम का समय सारिणी

  • सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक: भगवान राम का अभिषेक।
  • 10:30 बजे से 10:40 बजे तक: भगवान के चरणों में 10 मिनट का पर्दा।
  • 10:40 बजे से 11:45 बजे तक: रामलला का श्रृंगार, इस दौरान दर्शन अनवरत जारी रहेंगे।
  • 11:45 बजे: पर्दा लगाया जाएगा और भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा।
  • दोपहर 12:00 बजे: रामलला का प्राकट्योत्सव होगा, जिसमें सूर्य देव द्वारा रामलला के मस्तक पर तिलक किया जाएगा। यह विशेष आयोजन लगभग 4 मिनट तक चलेगा।

इस दिन मंदिर परिसर में वाल्मीकि रामायण और रामचरितमानस के पाठ, साथ ही दुर्गा सप्तशती के एक लाख मंत्रों की आहुति भी दी जाएगी। राम जन्मभूमि की यज्ञशाला में यज्ञ का आयोजन चलता रहेगा।

रामनवमी के इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु दूरदर्शन के माध्यम से सूर्य तिलक जैसे विशेष आयोजनों का साक्षात्कार कर सकेंगे।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.