नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा में आयोजित एक भव्य जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विकास को लेकर अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का उद्देश्य युवाओं, किसानों, खिलाड़ियों और गरीबों को मुख्यधारा में लाकर आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण करना है।

मुख्यमंत्री ने सिवनी मालवा में खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने बताया कि नर्मदापुरम के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने पर ₹1 करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी गई थी, जो युवाओं के लिए एक प्रेरणा है।

रोजगार के लिए बड़ा ऐलान

डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार इस वर्ष 1 लाख सरकारी पदों पर भर्ती करेगी, वहीं आगामी 5 वर्षों में कुल 2.50 लाख पद भरे जाएंगे। यह युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा। साथ ही, उन्होंने इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में सरकारी स्कूलों के छात्रों की उत्कृष्ट सफलता की सराहना की।

औद्योगिक विकास और निवेश की दिशा में नई पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि नर्मदापुरम जिले की भूमि उपजाऊ है और कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए शासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से जिले में निवेश को प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नर्मदापुरम को एक औद्योगिक विकसित जिला बनाया जाएगा।

स्वास्थ्य और परिवहन में जनहित की पहल

जनसभा में मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य परिवहन निगम की बसें अब गांव-गांव तक जाएंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही सुलभ होगी। इसके साथ ही, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि गरीब आयुष्मान कार्ड धारकों को गंभीर स्थिति में अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एयर एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक सशक्त हुई है।

आध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट को अयोध्या की तरह भव्य रूप से विकसित किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि जहां-जहां भगवान श्रीराम के चरण पड़े हैं, उन मार्गों को तीर्थ स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ये घोषणाएं न केवल नर्मदापुरम जिले के समग्र विकास का संकेत देती हैं, बल्कि यह प्रदेश के भविष्य के निर्माण की दिशा में एक ठोस कदम भी हैं।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.