लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रविवार सुबह लैंडिंग के दौरान सऊदिया एयरलाइंस की फ्लाइट के पहिए में तकनीकी खराबी आ गई। पहिए से चिनगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने विमान रोक दिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को सूचित किया।

विमान को पुश बैक कर टैक्सी वे पर लाया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। तब हज यात्रियों ने राहत की सांस ली। एयरपोर्ट की फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर फोम और पानी का इस्तेमाल कर 20 मिनट में स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

सऊदिया एयरलाइंस की उड़ान एसवी 3112 शनिवार रात 10:45 बजे जेद्दा एयरपोर्ट से रवाना हुई। विमान में क्रू मेंबर्स के साथ 250 हज यात्री सवार थे। विमान रविवार सुबह 6:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी वे पर आ रहा था, तब बाएं पहिए से धुआं और चिनगारी निकलने लगी।

रात तक दूर नहीं हुई खराबी

सूत्रों ने बताया कि बाद में इंजीनियरों की टीम विमान में आई खराबी को दूर करने में जुट गई। रात करीब 9:30 बजे तक उसकी तकनीकी खराबी दूर नहीं हो सकी थी। विमान की लैंडिंग के समय पायलट ने उसके पहिए खोलकर विमान को रनवे पर उतारा, तभी उसके बाएं तरफ पहिए में खराबी आ गई।

यह खराबी हाइड्रोलिक सिस्टम में अचानक लीकेज होने की बताई जा रही है। इसी वजह से पहिए से तेज धुएं के साथ चिनगारी उठने लगी। जिसको लेकर वहां हड़कंप मच गया। सूत्रों की मानें, तो अगर यह खराबी विमान के टेकऑफ के समय हो जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

वहीं एयरपोर्ट प्रवक्ता ने ऐसी किसी जानकारी से इनकार किया है। सूत्रों ने बताया कि हज यात्रियों की वापसी के दौरान सऊदी अरबिया एयरलाइंस का विमान जेद्दा से हज यात्रियों को लेकर यहां आता है, लेकिन यहां से बिना यात्रियों के ही वापस खाली जाता है। पायलट की सूझबूझ से कोई बड़ी घटना नहीं हुई।

PUBLICFIRSTNEWS.C OM

Share.

Comments are closed.