मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में विदेशी निवेश के नए रास्ते खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लुलु ग्रुप इंटरनेशनल के निदेशक सलीम एमए और फेडरेशन ऑफ यूएई चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महासचिव हुमैद मोहम्मद बेन सलेम के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य मध्य प्रदेश में विकास, निवेश और रणनीतिक साझेदारी के अवसरों का पता लगाना था।

बैठक के दौरान हुमैद मोहम्मद बेन सलेम ने बताया कि दोनों पक्षों ने स्वच्छ ऊर्जा, स्मार्ट सिटी, कृषि, बुनियादी ढांचा, फार्मास्युटिकल सेक्टर जैसे कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा, “हमने इस पर सहमति जताई है कि दोनों पक्षों की एक संयुक्त टीम बनाई जाएगी, जो इन क्षेत्रों में निवेश और साझेदारी के लिए आगे की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाएगी।”

इस चर्चा में यूएई के निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और मध्य प्रदेश की निवेश अनुकूल नीतियों की सराहना की। यूएई की ओर से यह आश्वासन भी दिया गया कि वे आने वाले महीनों में एक विशेष प्रतिनिधिमंडल मध्य प्रदेश भेजेंगे, जो मौके पर जाकर अवसरों की संभावनाएं तलाशेगा और व्यावसायिक सहयोग को गति देगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण है और राज्य सरकार “Ease of Doing Business” को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने यूएई प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभावित सहयोग के लिए तैयार है और दोनों पक्षों के बीच यह संवाद एक नए युग की शुरुआत है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.