बड़नगर | 19 जुलाई 2025

सावन मास में बड़नगर नगर पूरी तरह भोलेमय नजर आया, जब बम बम भोला परिवार एवं बुद्धेश्वर महासमिति के तत्वावधान में उज्जैन संभाग की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा 18 जुलाई को नगर के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर से भव्य रूप में निकाली गई। यह यात्रा अब लगातार आठवीं बार विशाल जनसंपर्क और भक्ति भाव के साथ आयोजित की गई।

इस वर्ष की यात्रा में हजारों महिला-पुरुष और बच्चे श्रद्धा व उल्लास के साथ शामिल हुए, जो उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल को जलाभिषेक करेंगे। यात्रा की शुरुआत बुद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण से पूजा-अर्चना के साथ हुई। आगे-आगे केशरिया झंडा लहराते युवाओं और दो कड़ाबीन के धमाके, भगवान भोलेनाथ की झांकी, 31 ढोल, बैंड-बाजे, मुम्बईया ढोल, कई आकर्षक झांकियां यात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं

यात्रा में भगवान भोलेनाथ की झांकी, नंदी की प्रतिमा व झांकी, श्रवण कुमार का दृश्य, और भगवान शिव का रूप धारण किये भक्त विशेष आकर्षण बने रहे। एक बड़े ट्राले पर गायक द्वारा शिव भजनों और राष्ट्रगीतों की प्रस्तुति दी गई। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती कांवड़ यात्रा का स्थानीय समाज, संगठन और गणमान्य नागरिकों ने पुष्प पंखुड़ियां उड़ाकर भव्य स्वागत किया। विधायक जितेन्द्र सिंह पण्डया ने भी कावड़ यात्रियों का स्वागत किया और स्वयं कांधे पर कांवड़ उठाई

यात्रा की व्यावस्था पूर्णतः नि:शुल्क रही:

  • सभी कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, आवास, वाहन, व वापसी के साधन सहित समस्त सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं
  • महिला कांवड़ यात्रियों को साड़ी व कलश तथा पुरुष यात्रियों को टी-शर्ट भेंट की गई

बम बम भोला परिवार के अशोक गेहलोत, हुकमचंद गेहलोत, कुशल गेहलोत, संदीप खटोड़ समेत सैकड़ों भक्तों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के समर्पित सहयोग से इस पावन यात्रा का सफल आयोजन संभव हो सका

यह कांवड़ यात्रा अब बड़नगर की पहचान और भोलेभक्तों की सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन चुकी है, जिसमें हर वर्ष शिवभक्तों का उत्साह और भक्ति चरम पर नजर आती है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.