पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के पावन अवसर पर “अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट – निवेश से रोजगार” का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आज ग्वालियर के मेला ग्राउंड में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस आयोजन का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया, जिसमें प्रदेश के आर्थिक विकास, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को नई गति देने का उद्देश्य रहा।

समिट के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने रिमोट बटन की मदद से ग्वालियर परिक्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें कुल मिलाकर ₹361.90 करोड़ के भवन और पथ नियोजन कार्यों का भूमिपूजन तथा ₹288.61 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण शामिल रहा। इसके अलावा उन्होंने ₹254.87 करोड़ के अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया, जो क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने रिमोट बटन दबाकर ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला का भी शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने अटल संग्रहालय में किए गए उन्नयन कार्यों का लोकार्पण भी किया, जिससे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक प्रतिष्ठान को एक नया रूप मिलेगा।

गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के संयुक्त आगमन पर समिट स्थल पर मौजूद दर्शकों और निवेशकों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए प्रदेश के विकास एवं रोजगार अवसरों पर भरोसा जताया। समिट में प्रदेश विकास से जुड़े विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें औद्योगिक, तकनीकी और कौशल‑आधारित परियोजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने निवेश‑प्रोत्साहन योजनाओं, रोजगार सृजन और प्रदेश आर्थिक नीति पर सकारात्मक विचार व्यक्त किए।

अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट का आयोजन प्रदेश में औद्योगिक निवेश को रोजगार‑मुखी विकास से जोड़ने तथा भविष्य के आर्थिक अवसरों को साकार करने का एक प्रमुख मंच के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में निवेशकों को प्रोत्साहन राशि वितरण, ऑटोमेशन परियोजनाओं और उद्योग स्थापना प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर भी विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे स्थानीय और बाहरी निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

समिट के दौरान लगभग ₹2 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन और औपचारिक निर्णय लिए जा रहे हैं, साथ ही ₹10,000 करोड़ से अधिक की औद्योगिक परियोजनाओं का भूमि‑पूजन एवं लोकार्पण किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं से न केवल प्रदेश में रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे, बल्कि मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता और आर्थिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply