भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल के नेतृत्व में मंगलवार 30 दिसंबर 2025 को लहुराबीर स्थित आजाद पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माता स्वर्गीय हीराबा जी की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हीराबा जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत हीराबा जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात आयोजित सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय हीराबा जी के जीवन, उनके संस्कार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर उनके प्रभाव को स्मरण किया। वक्ताओं ने बताया कि किस प्रकार एक चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी माता से जुड़ी स्मृतियों का उल्लेख करते हुए कहा था कि उनकी मां ने उन्हें गुजराती कहावत के माध्यम से जीवन का महत्वपूर्ण संदेश दिया था— “काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से।”
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी अपनी माता से मिलते थे, उन्हें एक विशेष ऊर्जा और प्रेरणा की अनुभूति होती थी। हीराबा जी का सादा जीवन, मजबूत संस्कार और त्याग भाव आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व पार्षद गिरीश श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि हीराबा जी का जीवन भारतीय मातृत्व, संस्कार और सादगी का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्वों को स्मरण करना नई पीढ़ी को जीवन मूल्यों से जोड़ने का माध्यम है।
कार्यक्रम का नेतृत्व अनुप जायसवाल ने किया, जबकि संचालन धीरेन्द्र शर्मा और धन्यवाद ज्ञापन चन्द्र विजय सिंह द्वारा किया गया।
इस श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से ओमप्रकाश यादव बाबू, शंकर जायसवाल, सुनील कन्नौजिया (एडवोकेट), प्रमोद चौरसिया दीपू, अखिल वर्मा, सिद्धनाथ गौड़ अलगू, मंगलेश जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, सुबीर गुप्ता, गोपाल जी जायसवाल, शुभम सिंह (एडवोकेट), आलोक सिंह, मनीष चौरसिया, आदित्य गोयनका, प्रकाश केसरी, धर्मचंद केसरी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
