भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा, काशी क्षेत्र द्वारा राम मंदिर आंदोलन के नायक और देश के पिछड़ा वर्ग के शीर्ष नेता स्वर्गीय कल्याण सिंह की 94वीं जन्म-जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि और श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राम मंदिर आंदोलन के दौरान उनके साहसिक निर्णयों और योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने बताया कि किस प्रकार स्व. कल्याण सिंह ने राम मंदिर आंदोलन के समर्थन में मुख्यमंत्री पद तक का त्याग करने का साहसिक निर्णय लिया, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।

पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. कल्याण सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा था कि “राम मंदिर के लिए सौ बार मुख्यमंत्री की कुर्सी भी त्यागनी पड़े, तो वह भी स्वीकार है।” आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर उनके संकल्प और दृढ़ नेतृत्व का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनके कार्यकाल को लोग सुशासन और रामराज्य की ओर अग्रसर शासन व्यवस्था के रूप में याद करते हैं।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि स्व. कल्याण सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) का गठन किया गया, जिसने अपराध और आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। उनके द्वारा किए गए प्रशासनिक और सामाजिक सुधार आज भी प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा नेता ओम प्रकाश यादव ‘बाबू’ रहे। कार्यक्रम का संचालन धीरेंद्र शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मनीष चौरसिया द्वारा प्रस्तुत किया गया।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply