पवई। जनपद पंचायत पवई के सभागार कक्ष में आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष जनपद पंचायत पवई द्वारा गरिमामय रूप से आयोजित किया जाता है। बैठक की अध्यक्षता पवई एसडीएम समीक्षा जैन ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे। इस दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। एसडीएम समीक्षा जैन ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को उनके निर्धारित दायित्व सौंपते हुए आपसी समन्वय, अनुशासन और बेहतर व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी। वहीं पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीएम राइज स्कूल एवं कार्यक्रम स्थल के 100 मीटर के दायरे में गुटखा, तंबाकू एवं नशीले पदार्थों की दुकानों को बंद रखने के निर्देश भी जारी किए गए।
बैठक में बताया गया कि जनपद पंचायत पवई द्वारा आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों एवं आम जनता की व्यापक सहभागिता रहती है। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए पृथक मंच एवं बैठने की समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों एवं आम दर्शकों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, मंच सज्जा, आमंत्रण पत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस बैठक में एसडीएम पवई समीक्षा जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहिनी आनंद मिश्रा, नगर परिषद अध्यक्ष बसंत दहायत, मंडल अध्यक्ष निधि पटेरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश कुमार उपाध्याय, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. प्रशांत भदोरिया, जन भागीदारी अध्यक्ष पुष्पेंद्र पटेल, जिला महामंत्री दीपेंद्र सिंह, नगर परिषद आशीष पटेल, आरसी गुप्ता, जमुना खटीक, शाहिद, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शासकीय-अशासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
