जिला उज्जैन पुलिस ने नीलगंगा थाना क्षेत्र में एक बड़ी आर्थिक धोखाधड़ी का खुलासा किया है। पुलिस ने साझेदारी फर्म के नाम पर 1 करोड़ 85 लाख 50 हजार 500 रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शिकायत 24 दिसंबर 2025 को केशव नगर उज्जैन निवासी 33 वर्षीय श्रीमती विजया हरेल द्वारा दर्ज कराई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि MACH RECON नामक फर्म के साझेदार निशीकांत मिश्रा (भोपाल) और संजय कुमार सिंह (सिंगरौली) ने साझेदारी की आड़ में उनसे निवेश राशि हड़प ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि 12 मई 2023 को आरोपियों ने आवेदिका को फर्म में निवेश के लिए प्रेरित किया और कुल 1.85 करोड़ रुपये जमा कराए। इसके बावजूद राशि को फर्म के घोषित व्यवसायिक उद्देश्यों में खर्च करने के बजाय, आरोपियों ने तीसरे पक्ष की कंपनी ‘Machine Elements’ और अपने निजी खातों में ट्रांसफर कर दिया।
आरोपियों ने वित्तीय जानकारी छिपाई और राशि लौटाने से इनकार कर आवेदिका को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। नीलगंगा पुलिस ने बैंक रिकॉर्ड, कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संजय कुमार सिंह (50 वर्ष, हरयपुर, सिंगरौली) को उज्जैन कोर्ट परिसर के पास से गिरफ्तार कर लिया। निशीकांत मिश्रा पहले ही हरियाणा में अन्य मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि आरोपियों ने तेलंगाना, हरियाणा और मध्यप्रदेश में भी निवेश, व्यवसाय और साझेदारी के नाम पर लोगों से ठगी की। नीलगंगा पुलिस अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है और मामले की गहन जांच कर रही है।
इस मामले में आरोपियों के कृत्य को भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4), 316(2), 316(5) एवं 3(5) के तहत दंडनीय पाया गया। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और अन्य राज्यों में भी इस गिरोह से जुड़े कई मामलों का पता लगाया जा रहा है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
