रायपुर के लाभाण्डी स्थित आबकारी भवन में शनिवार 7 फरवरी 2026 की शाम लगभग 8:30 बजे आग लगने की घटना सामने आई। यह आग छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के कार्यालय के तृतीय तल स्थित एक कक्ष में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस जले
घटना में कार्यालय में रखे कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस जल गए। हालांकि प्रारंभिक अवलोकन में यह स्पष्ट हुआ कि किसी भी महत्वपूर्ण दस्तावेज को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। सभी फाइलें और नस्तियां लोहे की अलमारियों में सुरक्षित बंद थीं। रात्रि के समय भवन में ड्यूटी पर तैनात गार्ड को तृतीय तल के एक कक्ष से जलने जैसी गंध आने पर तुरंत अन्य स्टाफ को सूचित किया गया। स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर भवन में मौजूद अग्निरोधक उपकरणों की मदद से आग पर तत्काल काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
अन्य कक्षों को नहीं पहुंचा नुकसान
मौके पर मुआयना करने पर पाया गया कि आग से केवल संबंधित कक्ष में रखे प्रिंटर और यूपीएस को नुकसान पहुंचा है। भवन के अन्य किसी कक्ष या सामग्री को कोई क्षति नहीं हुई।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद 8 फरवरी 2026 की सुबह पुनः अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया, जिसमें यह पुष्टि हुई कि किसी भी आवश्यक या महत्वपूर्ण दस्तावेज को घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ है।फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आवश्यक तकनीकी जांच एवं औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
