दतिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दतिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट पर सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा, भांडेर के पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया तथा अतुल चौधरी ने मुख्यमंत्री की अगवानी की।
दतिया आगमन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव डबरा के लिए रवाना हुए। डबरा में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा आयोजित नवग्रह शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में वे सहभागिता करेंगे। यह धार्मिक आयोजन 10 दिनों तक चलने वाला भव्य महोत्सव है, जिसमें देशभर के प्रसिद्ध संत, कथावाचक और आध्यात्मिक हस्तियां शामिल हो रही हैं। आयोजन के दौरान कथा वाचक प्रदीप मिश्रा अपनी कथा प्रस्तुत कर चुके हैं।
आज के कार्यक्रम में देश के प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास राम कथा का वाचन करेंगे। वहीं आगामी दिनों में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा हनुमान कथा का आयोजन किया जाएगा।
इस धार्मिक महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
