उज्जैन। महाशिवरात्रि की पावन रात शहर में चोरी की दो घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने सतीगेट और कंठाल चौराहे पर स्थित दुकानों को निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया।

मेडिकल स्टोर से 20 हजार रुपये चोरी

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे कंठाल चौराहे स्थित रॉयल मेडिकल स्टोर में चोर घुस गए। बदमाशों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर गल्ले में रखे लगभग 20 हजार रुपये चोरी कर लिए।

CCTV में महिला की भूमिका संदिग्ध

दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज में एक महिला नजर आ रही है, जो चोरी के दौरान आसपास निगरानी करती दिखाई दे रही है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, कोतवाली थाना टीआई डीबीएस चौहान ने प्रारंभिक तौर पर ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।

रॉयल मेडिकल के संचालक हरीश आसवानी ने बताया कि उन्हें सुबह लोगों के फोन आने के बाद चोरी की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर दुकान का ताला टूटा मिला और गल्ले से नकदी गायब थी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महाशिवरात्रि जैसे बड़े पर्व की रात हुई इन घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply