बैकुंठपुर स्थित जिला पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘बिहान’ स्व-सहायता समूहों की बहनों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक स्टॉल पर पहुंचकर उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली तथा महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। स्व-सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने, कौशल प्रशिक्षण देने और वित्तीय सहयोग प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने चाक चलाकर मिट्टी का दीया बनाया और स्थानीय व स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों की मजबूती से न केवल महिलाओं की आय बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी।
