रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के स्मृति मंदिर में छत्तीसगढ़ महतारी सहित राष्ट्र और संगठन के महान पुरोधाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे, अटल बिहारी वाजपेयी और राजमाता विजया राजे सिंधिया के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
यह कार्यक्रम राज्यसभा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा के नामांकन से पहले आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन महान विभूतियों के आदर्शों को याद करते हुए सुशासन और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महान नेताओं का त्याग, तप और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके बताए अंत्योदय, सुशासन और राष्ट्र प्रथम के मार्ग पर चलना ही हम सभी का कर्तव्य है।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
