मध्यप्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav शुक्रवार को ग्वालियर जिले के घाटीगांव में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1836 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित करेंगे। यह राशि लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त के रूप में दी जा रही है।

ग्वालियर जिले की बात करें तो यहां की 3 लाख 2 हजार 850 महिलाओं के खातों में करीब 44 करोड़ 83 लाख रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जिले में लगभग 122 करोड़ रुपए की लागत के 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आर्थिक सहायता भी वितरित की जाएगी। इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

लाड़ली बहना योजना मध्यप्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक बन चुकी है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और परिवार की आर्थिक मजबूती में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। ग्वालियर के घाटीगांव से होने वाला यह कार्यक्रम प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए एक और बड़ी आर्थिक सहायता लेकर आएगा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply