उत्तराखंड प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर टिहरी जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और आम लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ देना रहा।
जिला प्रशासन की ओर से तहसील और ब्लॉक स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता को एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे राज्य ने पूरे देश में एक नई मिसाल पेश की है।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता लाने के लिए लागू किए गए नकल विरोधी कानून का सकारात्मक असर दिख रहा है, जिससे हजारों युवाओं को निष्पक्ष तरीके से रोजगार मिला है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ‘संकल्प से सिद्धि विकसित उत्तराखंड’ विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर और दिव्यांगजनों के लिए उपकरण वितरण शिविर आयोजित किए। वहीं महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन स्वीकृति, दिव्यांग प्रमाण पत्र और सहायक उपकरणों का वितरण किया।
युवा कल्याण विभाग द्वारा मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि कृषि विभाग ने किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं के लिए पंजीकरण के साथ कृषि उपकरणों का वितरण किया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
