उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक होटल में देर रात दबंगों द्वारा जमकर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सुमेरपुर कस्बे स्थित एक होटल में “एक-47 गैंग” से जुड़े करीब एक दर्जन लोग नशे की हालत में पहुंचे और कर्मचारियों तथा ग्राहकों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

बताया जा रहा है कि होटल संचालक ने गैस खत्म होने के कारण खाना देने में असमर्थता जताई, जिसके बाद आरोपी भड़क गए और उन्होंने होटल स्टाफ पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए ग्राहकों को भी नहीं बख्शा गया और उन्हें लात-घूंसों से पीटते हुए जमीन पर घसीटा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ आरोपियों के पास पिस्टल भी थी, जिससे होटल में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस गैंग के लीडर और अन्य सदस्यों पर पहले से ही कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी हुई है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply