मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर प्रवास के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वे विकास, नवाचार और जनकल्याण से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।
मुख्यमंत्री सबसे पहले सिंहासा आईटी पार्क में स्थापित “लॉन्चपैड : इन्क्यूबेशन एवं इनोवेशन सेंटर” का शुभारंभ करेंगे। यह केंद्र आईआईटी इंदौर के आईआईटीआई दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन और एमपी स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPSEDC) के संयुक्त सहयोग से स्थापित किया गया है।
इस केंद्र का उद्देश्य प्रदेश में डीप-टेक नवाचार को बढ़ावा देना, उच्च प्रभाव वाले स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करना और उद्योग–अकादमिक सहयोग को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री यहां स्टार्टअप गतिविधियों का अवलोकन भी करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री दशहरा मैदान में आयोजित “संकल्प से समाधान अभियान” कार्यक्रम में भाग लेंगे और हितलाभ वितरण करेंगे।
इस अभियान के तहत इंदौर जिले में 1 लाख 44 हजार 912 आवेदनों का सफल निराकरण किया गया है।
यह अभियान 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक चार चरणों में संचालित हुआ, जिसमें 100 से अधिक सेवाओं को ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक शिविरों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री अमृत 2.0 योजना के तहत नर्मदा जल प्रदाय योजना के चौथे चरण का भूमि-पूजन भी करेंगे। यह परियोजना वर्ष 2040 तक शहर की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है।
जल परियोजना के प्रमुख पैकेज
वांचू पॉइंट से राऊ सर्कल तक लगभग 39 किमी लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। साथ ही 2870 मीटर टनल निर्माण और क्लोरीनेशन सिस्टम स्थापित किया जाएगा।
लागत: लगभग 448.23 करोड़ रुपये |
20 नए ओवरहेड टैंक, 29 टैंकों का सुदृढ़ीकरण,
685 किमी वितरण लाइन, 1.26 लाख जल कनेक्शन और 1.08 लाख वाटर मीटर लगाए जाएंगे।
20 नए ओवरहेड टैंक, 46 टैंकों का उन्नयन,
892 किमी वितरण पाइपलाइन और 1.21 लाख नए कनेक्शन दिए जाएंगे।
इन परियोजनाओं से इंदौर में 24×7 जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और जल प्रबंधन प्रणाली को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का लोकार्पण भी करेंगे, जिससे स्वच्छता और जल पुनः उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री का यह दौरा इंदौर में विकास, नवाचार और आधारभूत संरचना को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
