टीकमगढ़: जिले में पुलिस व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लंबे समय से नगर निरीक्षकों की कमी के कारण अधिकांश थाने थाना प्रभारी के भरोसे संचालित हो रहे हैं, जिससे अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।

पलेरा में बड़ी चोरी से मचा हड़कंप

टीकमगढ़ जिले के पलेरा नगर में देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने गल्ला व्यापारी सुरेश कुमार गुप्ता के घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान सहित लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुनसान समय का फायदा उठाकर घर में घुसपैठ की और अलमारी व तिजोरी को खंगालते हुए बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और नगदी लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर टीकमगढ़ के एडिशनल एसपी विक्रम सिंह, एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम सहित पुलिस बल और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची।

अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुराग जुटाने का प्रयास किया और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पलेरा नगर में इससे पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस इनका खुलासा नहीं कर पाई है।

नगर निरीक्षक के स्थानांतरण के बाद से थाना प्रभारी के भरोसे व्यवस्था चल रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस ताजा घटना के बाद नगरवासियों में दहशत का माहौल है और पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोग लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply