प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 अप्रैल को बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। यह रिफाइनरी राजस्थान के औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रोजेक्ट से बाड़मेर और जैसलमेर में इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित होंगे, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। जनवरी से पहले चरण के ट्रायल रन की तैयारी चल रही है और जल्द ही कमर्शियल उत्पादन शुरू होने की संभावना है।
पचपदरा रिफाइनरी का शिलान्यास पहली बार 22 सितंबर 2013 को तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया था। सत्ता परिवर्तन के बाद जनवरी 2018 में पीएम मोदी ने इसका औपचारिक शुभारंभ किया। वर्तमान में परियोजना की लागत लगभग 79,459 करोड़ रुपए हो गई है। यह रिफाइनरी एचपीसीएल और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है।
यह रिफाइनरी देश की सबसे आधुनिक BS-6 मानक और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्रणाली पर आधारित है। इसमें रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल प्लांट दोनों एक साथ विकसित किए जा रहे हैं।
रिफाइनरी की कुल क्षमता 9 मिलियन टन कच्चे तेल की है, जबकि 2 मिलियन टन का पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स भी स्थापित किया जा रहा है।
कुल 7.5 मिलियन टन कच्चा तेल अरब देशों से आएगा, जबकि 1.5 मिलियन टन प्रदेश में उत्पादित तेल का उपयोग किया जाएगा। इस परियोजना से रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे और बालोतरा-पचपदरा के बीच 12 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन बिछाई जाएगी, जिससे माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स में सुधार होगा।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा राजस्थान के औद्योगिक और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
