मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए पुलिस बल के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का उत्तराखण्ड में स्वागत और अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि पहली बार उत्तराखण्ड को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं और राज्य को साहसिक खेलों तथा पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाते हैं।
इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों के लिए शारीरिक और मानसिक फिटनेस बेहद जरूरी है। वाटर स्पोर्ट्स न केवल खेल के रूप में महत्वपूर्ण हैं, बल्कि आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत और नदी बचाव जैसे कार्यों में भी उपयोगी साबित होते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से अपनी क्षमता साबित की है और अब राज्य देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी तेजी से उभर रहा है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
