मध्यप्रदेश के भिंड जिले में वन्य जीव संरक्षण को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सांप की हत्या कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला अटेर विधानसभा क्षेत्र के अटेर रेंज अंतर्गत अटैक गांव माजरा सोनेलाल का पूरा का बताया जा रहा है, जहां एक युवक द्वारा वन्यजीव श्रेणी में आने वाले सांप को बेरहमी से मारकर पैरों तले कुचलने का वीडियो फेसबुक पर वायरल किया गया था।

जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान देशराज धारियां के रूप में हुई है, जो भीम आर्मी से जुड़ा पदाधिकारी बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और वन विभाग तुरंत सक्रिय हो गया।

मामले की जानकारी मिलते ही अटेर रेंज ऑफिसर कृतिका शुक्ला ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने डिप्टी रेंजर भदौरिया और वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कराई।
प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी देशराज धारियां सहित गोविंद सिंह और भयंकर सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वन विभाग द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने साथियों के साथ फूफ सिटी इलाके में मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही रेंजर कृतिका शुक्ला अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं और आरोपियों को पकड़ लिया।

वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
इस पूरी कार्रवाई में वन विभाग की टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वन्य जीवों के साथ क्रूरता और अवैध शिकार जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सोशल मीडिया पर वन्यजीवों के साथ हिंसा या क्रूरता दर्शाने वाले वीडियो साझा करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर वन्य जीव संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों में वन्य जीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









