कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। कटघोरा नगर के प्रमुख शहीद वीर नारायण चौक पर थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने बृहद वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बिना नम्बर प्लेट वाले वाहनों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज आवाज वाले मॉडिफाइड सायलेंसर की गाड़ियों और नो-एंट्री के दौरान शहर में प्रवेश कर रहे भारी वाहनों पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।

अचानक शुरू हुए इस सघन चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। मुख्य चौक पर पुलिस की मौजूदगी के चलते कई वाहन चालकों ने रास्ता बदलने की कोशिश भी की।

थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने, शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन की अपील की है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









