हमीरपुर जिले के जलालपुर थानाक्षेत्र के लोधीपुरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ दो शराबियों के बीच पैसों को लेकर हुई बहस खून की लड़ाई में बदल गई। बताया जा रहा है कि बालकिशन राजपूत और राहुल राजपूत दोनों बीती शाम शराब पीने निकले थे। शराब पीने के खर्च को लेकर उनके बीच विवाद हो गया, जिससे गुस्साए राहुल ने बालकिशन को लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
गंभीर रूप से घायल बालकिशन की इलाज के दौरान हुई मौत
मारपीट के बाद राहुल मौके से फरार हो गया। जब राहगीरों ने बालकिशन को लहूलुहान हालत में पाया तो तुरंत परिजन उसे सरीला कस्बे के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान बालकिशन ने दम तोड़ दिया। इस घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज, तलाश शुरू
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने राहुल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी है और स्थानीय लोग इसे दुखद और चिंता जनक घटना बता रहे हैं।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
