गोरखपुर। सावन मास के पहले दिन की शुभ बेला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित अपने आवास के शक्तिपीठ में विधिपूर्वक रुद्राभिषेक और हवन कर देवाधिदेव महादेव का पूजन किया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों से वातावरण शिवमय हो गया।

जल, दूध और ऋतुफल के रस से हुआ रुद्राभिषेक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प और विविध पूजन सामग्री अर्पित की। इसके उपरांत जल, दूध और ऋतुफल के रस से रुद्राभिषेक किया गया। गोरखनाथ मंदिर के आचार्यगण और पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक संपन्न कराया। मंत्रोच्चार के बीच सीएम योगी ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव की आराधना की।
रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक रीति से हवन किया। हवन के दौरान वातावरण ओंकार और स्वाहा घोष से गूंज उठा।

प्रदेशवासियों के आरोग्य और समृद्धि की प्रार्थना

पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि पूरे उत्तर प्रदेश में आरोग्य, सुख, समृद्धि और शांति बनी रहे। उन्होंने सभी नागरिकों के कल्याण की कामना की। गोरखनाथ मंदिर परिसर शुक्रवार सुबह धार्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया। सावन माह के पहले दिन परंपरानुसार यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी द्वारा हर वर्ष किया जाता है, जो गोरखपुर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान बन चुका है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.