देवास के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप कैशियर से हुई करीब दो लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने महज 15 दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई शत-प्रतिशत रकम और वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया है।

घटना 13 दिसंबर की रात की है, जब उज्जैन रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप का कैशियर आनंद देशमुख पेट्रोल-डीजल की बिक्री से प्राप्त नगदी लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उससे रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए देवास पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत जांच शुरू की। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने पेट्रोल पंप के ही कर्मचारी सूरज परमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने शादी के लिए पैसों के लालच में अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रचने की बात कबूल की।

इसके बाद पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी रकम, घटना में प्रयुक्त बाइक, बैग और आवश्यक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

देवास पुलिस के अनुसार, जिले में इस वर्ष दर्ज सभी लूट के मामलों का शत-प्रतिशत खुलासा किया गया है, जो पुलिस की सक्रियता और मजबूत निगरानी व्यवस्था को दर्शाता है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link