उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के युवा संगठन भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शहर कांग्रेस कार्यालय के घेराव के लिए रैली निकालकर क्षीरसागर स्थित कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग कर उन्हें करीब 100 मीटर पहले ही रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
यह प्रदर्शन दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की युवा इकाई द्वारा भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध के बाद शुरू हुए देशव्यापी भाजपा विरोध-प्रदर्शनों की कड़ी में किया गया।
कांग्रेस की भी जवाबी तैयारी
कांग्रेस कार्यालय के बाहर विधायक महेश परमार, दिनेश जैन बॉस, जिला अध्यक्ष मुकेश भाटी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यदि भाजपा कार्यकर्ता कार्यालय तक पहुंचते तो वे गांधीवादी तरीके से जवाब देते, लेकिन किसी भी उकसावे की स्थिति में पीछे नहीं हटते।
भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पाराशर, एडीएम अत्येन्द्र गुर्जर, एसडीएम एल.एन. गर्ग सहित सीएसपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। विवाद की आशंका को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय और प्रदर्शन स्थल—दोनों जगह अलग-अलग बैरिकेडिंग की गई।
एडिशनल एसपी ने बताया कि भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को निर्धारित दूरी पर रोक दिया गया था, जहां उन्होंने 10–15 मिनट तक विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद स्थिति शांतिपूर्ण रही।
भाजपा का आरोप
प्रदर्शन में शामिल नगर निगम सभापति कलावती यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली में युवा कांग्रेस द्वारा की गई गतिविधि देशविरोधी थी और उसी के विरोध में उज्जैन में प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ आक्रोश जताते हुए पुतला दहन किया गया।
शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हुआ प्रदर्शन
भारी पुलिस बंदोबस्त और प्रशासनिक सतर्कता के चलते पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई बड़ा टकराव नहीं हुआ। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
