मुंबई | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के साथ-साथ मध्यप्रदेश भी तेज़ी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों, पारदर्शी व्यवस्था और मजबूत आधारभूत संरचना के कारण मध्यप्रदेश आज निवेशकों के भरोसे का सबसे मजबूत निवेश गंतव्य बनकर उभरा है।
मुंबई में आयोजित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) इन्वेस्टर्स मीट को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि उद्योगों के लिए दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदार बनना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को देश-विदेश के उद्योग जगत से अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला है। इन आयोजनों में प्राप्त निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर उतर रहे हैं और प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर में स्थापित भारत का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन नए भारत की औद्योगिक शक्ति का प्रतीक बनेगा। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर भारत को वैश्विक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इस परियोजना से आधुनिक तकनीक आधारित उद्योगों का विस्तार होगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की पारदर्शी नीतियां, सुशासन और निवेश-अनुकूल वातावरण उद्योग जगत का विश्वास लगातार मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता निवेश प्रक्रिया को सरल बनाना, उद्योगों की स्थापना में तेजी लाना और प्रदेश के युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने उद्योग जगत से मध्यप्रदेश की विकास यात्रा का भागीदार बनने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि राज्य आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख औद्योगिक और मैन्युफैक्चरिंग केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
