मध्यप्रदेश निवेश के नए केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर राउंड टेबल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देश-विदेश के निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश अनुकूल नीतियां, सस्ती बिजली, विशाल लैंड बैंक और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण आज मध्यप्रदेश को निवेशकों की पहली पसंद बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार द्वारा लागू की गई आकर्षक औद्योगिक नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और प्रदेश हर क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश में देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध है, जो उद्योगों के लिए बड़ी ताकत है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के पास उद्योगों के लिए सबसे बड़ा लैंड बैंक उपलब्ध है। एमएसएमई, हेवी इंडस्ट्री और कुटीर उद्योग सहित सभी क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी कि ‘मेड इन MP’, ‘मेक इन MP’ और ‘फेथ इन MP’ अभियान के तहत हाल ही में दिल्ली में आयोजित निवेश सम्मेलन में मध्यप्रदेश को 3.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने निवेशकों से कहा कि “देश का दिल मध्यप्रदेश आपको निवेश के लिए बुला रहा है। जो एक बार यहां आता है, वह फिर कहीं नहीं जाता।”

मुख्यमंत्री ने धार में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पार्क की 2,000 एकड़ भूमि भूमि-पूजन के दिन ही पूरी तरह आवंटित हो गई, जो मध्यप्रदेश के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि कुशल मानव संसाधन, मजबूत औद्योगिक आधार, बेहतर बुनियादी ढांचा और निवेशक हितैषी नीतियां मध्यप्रदेश को देश के सबसे भरोसेमंद निवेश गंतव्यों में शामिल कर रही हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और समग्र आर्थिक प्रगति को नई गति देना है.

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply

Secret Link