भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 में युवाओं से खुला संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। वहीं, कार्यक्रम के बाद जुबिन नौटियाल के संगीत कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर छात्रों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
CM ने युवाओं के लिए किए कई बड़े ऐलान
सीएम यूथ कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि मध्यप्रदेश में 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्टार्टअप के क्षेत्र में नए अवसर तैयार किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, MPPSC की परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। प्रदेश में 12 मेडिकल कॉलेज और 12 नई यूनिवर्सिटी खोली जाएंगी। इससे युवाओं को नई स्किल्स सीखने के साथ उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
रिसर्च करने वाले विद्यार्थियों की आर्थिक सहायता बढ़ाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसर्च स्कॉलर्स को अब 16 हजार रुपये की जगह 25 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। वहीं, स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपये का फंड तैयार किया जा रहा है।
कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था, अत्याधुनिक लैब और प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक यूनिवर्सिटी में रिसर्च वर्क के लिए एक करोड़ रुपये का फंड उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन से जोड़ा जाएगा। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए अगले साल फिर इन्वेस्टर मीट आयोजित करने की बात भी कही गई।
देश में 36.74 करोड़ युवा
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में फिलहाल 15 से 29 वर्ष की उम्र के करीब 36.74 करोड़ युवा हैं, जो देश की कुल आबादी का लगभग 26 प्रतिशत हिस्सा हैं। वहीं, लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान 18 से 29 वर्ष के मतदाताओं की हिस्सेदारी 22.78 प्रतिशत रही थी।
युवा आबादी और युवा मतदाताओं की बड़ी हिस्सेदारी को देखते हुए राजनीतिक दलों का फोकस भी युवाओं पर लगातार बढ़ रहा है।
जुबिन नौटियाल के कार्यक्रम में हंगामा
सीएम यूथ कॉन्क्लेव के दौरान आयोजित जुबिन नौटियाल के कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर छात्रों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। जानकारी के मुताबिक, कुछ छात्र बैरिकेड पर चढ़कर अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच बहस शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर कुछ छात्रों की ओर से कुर्सियां और धूल फेंके जाने की बात सामने आई। इसी दौरान भीड़ में एक छात्रा के दबने की भी जानकारी सामने आई। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा छात्रों को थप्पड़ मारने की बात भी सामने आई है।
हंगामा बढ़ने के बाद बीजेपी के कुछ नेता मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। नेताओं ने पुलिसकर्मियों को पीछे हटने के लिए कहा, जिसके बाद पुलिस बल को मौके से वापस बुला लिया गया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
फिलहाल कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
