पब्लिक फर्स्ट I खुरई । नीरज

खुरई के विकास में मंत्री भूपेंद्र सिंह का यह छोटा भाई भी अपना योगदान करना चाहता है। आप सब भूपेंद्र भैया की जीत का रिकार्ड बनाइए। चुनाव के बाद मैं खुरई में एक आधुनिक स्टेडियम और स्पोर्ट्स अकादमी बनाऊंगा। आप इन्हें फिर से विधायक बनाकर भेजिए बाकी मन पार्टी ने बना रखा है। इन शब्दों के साथ केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री और खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने खुरई में आयोजित एतिहासिक रोड शो के पश्चात सभा को संबोधित करते हुए खुरई के विकास की प्रशंसा की।

उन्होंने मंत्री भूपेंद्र सिंह के विषय में कहा कि मैं 2008 से उन्हें जानता हूं जैसे-जैसे वे बड़े नेता बनते गये उनके पैर और मजबूती से जमीन पर जमते गए और उनकी विनम्रता बढ़ती गई। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुझे पता चला कि यहां कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिल रहा था। यहां आकर 5 किमी के रोड शो में मुझे कांग्रेस का एक भी झंडा देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मैंने अपने राजनैतिक जीवन में सैकड़ों रोड-शो और चुनावी सभाओं में हिस्सा लिया। लेकिन खुरई में जितना प्यार, आत्मीयता और स्वागत यहां की जनता से मिला वैसा इसके पहले कहीं नहीं देखा।

उन्होंने कहा कि यहां के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं, छोटे-छोटे बच्चे सभी मंत्री भूपेंद्र सिंह को भैया कह रहे हैं। ऐसा भरोसा और विश्वास आसानी से नहीं मिलता। नेता तब बड़ा होता है जब उसके पीछे कार्यकर्ताओं की विशाल फौज खड़ी हो और जनता के हाथ उसे आशीर्वाद देने के लिए उठे रहें। ठाकुर ने कहा कि रोड शो में रास्ते भर फूल बरसाए गए और महिलाएं तक नारे लगा रही थीं। यह मंत्री भूपेंद्र सिंह के व्यक्तित्व और उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों का जलवा है।

केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी मंत्रिमंडल से कहते थे कि इस संकट के समय देश का कोई गरीब, जरूरतमंद भूखा नहीं रहना चाहिए। उनको अनाज की कमी नहीं आने देना। मुफ्त अन्न योजना चलाई और तीस करोड़ अतिरिक्त लोगों को मुफ्त अनाज देना शुरू किया। प्रधानमंत्री जी ने देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज योजना जारी रखी और अब अगले 5 साल के लिए योजना बढ़ा दी। कोरोना काल में लोगों को 31000 करोड़ खातों में डाले। 3-3 रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त दिए।

मंत्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री बनने के पहले उनका मजाक उड़ाते थे, पिछड़ा बता कर गालियां देकर कहते थे ये क्या देश चलाएगा। प्रधानमंत्री बन कर नरेन्द्र मोदी जी ने ऐसी ईमानदारी से देश चलाया कि आज दुनिया में भारत के ही विकास की चर्चा हो रही है। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस घोटालों की सरकार थी। देश पर संकट आएं, हमले हो जाएं, लेकिन मनमोहन सिंह मौनी बाबा बने रहते थे। लेकिन आज मोदी जी के नेतृत्व वाला भारत देश के दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारता है। पाकिस्तान दुनिया से गुहार करता है कि हमें भारत से बचा लो।

केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि प्रियंका गांधी को एमएसपी क्या है यह नहीं पता। भाजपा सरकार ने किसानों की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया, भरपूर यूरिया दिया, किसान सम्मान निधि दी, किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य बनाया। भाजपा सरकार ने 13.5 करोड़ लोगों को गरीबी से ऊपर उठाया, कांग्रेस ने गरीब हटा दिए पर गरीबी नहीं हटाई। उन्होंने कहा कि हम गरीबों को जातियों में नहीं बांटते, सभी जाति के सभी गरीबों को भाजपा की योजनाओं का बिना भेदभाव के लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को राजस्थान में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार दिखाई नहीं देते।

मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के राज में जम्मू कश्मीर में तिरंगा झंडा जलाया जाता था, सैनिकों पर फायरिंग होती थी, पत्थर चलते थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 370 हटाई और हालात काबू में कर लिए। यूक्रेन के युद्ध में फंसे भारत के हजारों विद्यार्थियों को बाहर निकालने के लिए मोदी जी ने दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों से फोन पर बात करके युद्ध विराम करा दिया। भारतीय बच्चों के साथ तिरंगा थाम कर पाकिस्तान, श्रीलंका, नेपाल के भी बच्चे बाहर निकल आए। यह है आज भाजपा के हाथों में देश का गौरव और सामर्थ्य। आज दुनिया में जब भी विपत्ति आती है तो भारत मदद मांगता नहीं है दुनिया की मदद करता है।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री व भाजपा प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि खुरई 55 हजार पीएम आवास बनाकर नंबर वन है। आने वाले दो वर्षों में बाकी बचे 45 हजार कच्चे मकान भी पक्के बनाए जाएंगे।‌ हमने 100 गांवों को 4 नगर परिषदों और नगर पालिका में जोड़कर शहर बना दिया। अगले पांच साल में बाकी बचे 200 गांवों में भी शहरों की तरह विकास होगा। यहां हनौता पर्यटन स्थल, डोहेला मंदिर, नील कंठेश्वर मंदिर, पाली का शिव मंदिर और बुधौ के बौद्ध स्तूप का विकास कर पर्यटन विकसित करेंगे। मंत्री सिंह ने कहा कि हमने औद्योगिक विकास के अनुरूप खुरई का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर जी के साथ मैं सांसद रहा हूं। मंत्री सिंह ने कहा कि खुरई में अगले पांच सालों में तेजी से औद्योगीकरण की बयार आने वाली है। इसके लिए हमें उद्योगपतियों की सुविधाओं को भी बढ़ाना होगा। खुरई में मेरे अगले कार्यकाल के लक्ष्य में यहां हवाई पट्टी बनाना और मेडिकल कॉलेज खोलना प्राथमिकता में है।

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बीना नदी सिंचाई परियोजना में फॉरेस्ट विभाग के क्लियरेंस में उन्होंने बहुत मदद की थी। मंत्री सिंह ने कहा कि यदि चुनाव के बाद केंद्रीय खेल मंत्री खुरई विधानसभा क्षेत्र को स्पोर्ट्स अकादमी की सौगात दे देंगे तो यहां की खेल प्रतिभाएं भी देश के लिए मेडल लाने में सक्षम होंगी। मंत्री सिंह ने कहा कि यह संयोग है कि जिस तरह खुरई विधानसभा क्षेत्र विकास में नंबर वन है तो उसी के अनुरूप यहां की वोटिंग मशीन में भी भाजपा का निशान कमल पहले नंबर पर है। उन्होंने कहा कि यहां से भाजपा की जीत का भी रिकार्ड पांचों राज्यों में नंबर वन होगा।

आज केंद्रीय और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने खुरई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के समर्थन में युवा रोड शो में हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री ठाकुर हेलीकॉप्टर से खुरई की धरा पर पहुंचे जहां मंत्री सिंह ने उनका सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद अनुराग ठाकुर युवा रोड शो में शामिल हुए। यह बृहद रोड शो खुरई क्षेत्र के पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड से प्रारंभ होकर महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड, महाराणा प्रताप वार्ड, शिवाजी वार्ड, गुरु गोबिंद सिंह वार्ड, बिहारी वार्ड, रानी दुर्गावती वार्ड, महावीर वार्ड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड, परसा चौराहा, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, और नेहरू वार्ड से होकर गुजरा।

इस रोड शो का नेहरू स्टेडियम में आम जनसभा के रूप में परिवर्तित होकर समापन हुआ। इस दौरान फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, अबिराज सिंह, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष यश अग्रवाल, उपस्थित रहे। खुरई क्षेत्र में निकले इस युवा रोड शो में खुरई की जनता का अपार प्रेम और स्नेह मंत्री भूपेंद्र सिंह के प्रति दिखाई दिया। इस दौरान जनता ने अपना जन समर्थन भाजपा के प्रति प्रकट किया।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply