उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के ग्राम खरसौदकलां में शुक्रवार को पानी और सड़क की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। खासकर वार्ड-20 की महिलाओं ने पंचायत कार्यालय पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की और कुर्सियां-टेबल फेंककर विरोध जताया।
गर्मी के इस मौसम में गांव में पेयजल की भारी समस्या बनी हुई है। पूर्व में जहां हर घर में पानी की सप्लाई पानी टंकी से होती थी, वहीं अब नर्मदा जल योजना के तहत पुरानी नल लाइन हटवा दी गई है, लेकिन नई व्यवस्था से गांव को अभी तक पानी नहीं मिल पा रहा है।
सड़क निर्माण को लेकर भी ग्रामीण नाराज हैं। पाटीदार समाज धर्मशाला से गवड़ी तक सड़क बनाए जाने की घोषणा तो की गई थी, लेकिन अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ। जब ग्रामीण सरपंच आनंदीलाल डाबी और उपसरपंच माया पटेल से मिलने पंचायत पहुंचे, तो दोनों ही पदाधिकारी मौजूद नहीं थे। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने पंचायत कार्यालय में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
इस उग्र प्रदर्शन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं आवाज़ उठाती और नारे लगाती नजर आ रही हैं। ये विरोध प्रदर्शन ना सिर्फ स्थानीय प्रशासन के लिए चेतावनी है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की गंभीर स्थिति को भी उजागर करता है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
