पब्लिक फर्स्ट। विदिशा। अविनाश ।
मध्य प्रदेश के गुलाबगंज कस्बे में स्मार्ट मीटरों के विरोध में जनता का आक्रोश तेज होता जा रहा है। पिछले तीन दिनों से स्थानीय नागरिकों द्वारा विद्युत विभाग के खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जा रही है। अब इस जनआंदोलन को गुलाबगंज के व्यापारियों का भी समर्थन मिल गया है, जिन्होंने अपनी दुकानें बंद कर आंदोलनकारियों के साथ एकजुटता दिखाई।
विद्युत उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर बिजली खपत को बढ़ा-चढ़ाकर दिखा रहे हैं, जिससे अत्यधिक बिल आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जहां पहले उनका बिल ₹500 से ₹800 आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह ₹2000 से ऊपर तक पहुंच गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने बिजली विभाग से कई बार संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब या कार्रवाई नहीं हुई। इसी निराशा में अब उन्होंने भूख हड़ताल जैसे कठोर कदम उठाए हैं।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगें हैं:
- स्मार्ट मीटरों को तुरंत हटाया जाए।
- पुराने पारंपरिक मीटरों को फिर से लगाया जाए।
- उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के आधार पर ही बिल दिए जाएं।
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
