पब्लिक फर्स्ट। बड़नगर । विजय नीमा ।
इंगोरिया थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक अहम मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है और करीब 9 लाख रुपये का ट्रैक्टर बरामद किया है। यह कार्रवाई बड़नगर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल और एसडीओपी महेंद्र सिंह परमार के निर्देशन में की गई।
12 मई 2025 को ग्राम डंगवाड़ा निवासी सुरेश चौहान ने अपनी नई लाल रंग की स्वराज कंपनी की ट्रैक्टर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और दो महीने के भीतर आरोपी अरविंद उर्फ रविंद्र (निवासी पिपलिया रुंडी, जिला नीमच) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने यह वारदात तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दी थी। पुलिस ने नीमच के जंगल से ट्रैक्टर को बरामद कर लिया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹8.55 लाख है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड संदिग्ध है और वह पूर्व में चोरी और लूट जैसे मामलों में जेल जा चुका है। इस मामले में इंगोरिया पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है।
