प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल और ‘मेक इन इंडिया’ मिशन के तहत मध्यप्रदेश को एक और बड़ी औद्योगिक सौगात मिलने जा रही है। रायसेन जिले के ग्राम उमरिया में 1800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बीईएमएल (BEML) रेल कोच फैक्ट्री का भूमि-पूजन 10 अगस्त को किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह औबेदुल्लागंज दशहरा मैदान में मुख्य समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

प्रदेश में औद्योगिक क्रांति का नया अध्याय

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी कि यह फैक्ट्री भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा सहित आसपास के जिलों के लिए औद्योगिक विकास और रोजगार का बड़ा माध्यम बनेगी। 60 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में बनने वाला यह “ब्राह्मा” नामक अत्याधुनिक संयंत्र प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 5,000 से अधिक युवाओं को रोजगार देगा।

मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक

यह परियोजना पूरी तरह मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत मिशन के अनुरूप होगी, जिसमें अधिकांश तकनीक और सामग्री भारत में ही विकसित की जाएगी। इससे विदेशी निर्भरता कम होगी और प्रदेश रक्षा निर्माण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाएगा।

पर्यावरण अनुकूल तकनीक का उपयोग

फैक्ट्री का निर्माण शून्य तरल अपशिष्ट प्रणाली, सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और हरित लैंडस्केपिंग जैसी पर्यावरण मित्र तकनीकों के साथ किया जाएगा। प्रारंभिक क्षमता 125–200 रेल कोच प्रतिवर्ष होगी, जिसे अगले पांच वर्षों में बढ़ाकर 1,100 कोच प्रतिवर्ष किया जाएगा।

भोपाल मेट्रो और मंडीदीप को मिलेगा लाभ

यह फैक्ट्री भोपाल मेट्रोपोलिटन क्षेत्र के विकास को गति देगी और मंडीदीप जैसे औद्योगिक क्षेत्र को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। इससे प्रदेश रेलवे उद्योग में वैश्विक प्रतिस्पर्धा में कदम रख सकेगा।

कार्यक्रम में शामिल होंगे कई केंद्रीय नेता और अधिकारी

भूमि-पूजन समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, रक्षा उत्पाद सचिव संजीव कुमार, रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार समेत कई गणमान्य अधिकारी और नेता उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस परियोजना को प्रदेश के औद्योगिक विकास में एक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह आने वाले समय में मध्यप्रदेश की आर्थिक प्रगति और युवाओं के भविष्य के लिए नई दिशा तय करेगी।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.