राजगढ़ जिले के किला क्षेत्र स्थित सराफा बाजार में बुधवार देर रात करीब 10 से 12 हथियारबंद डकैतों ने बेखौफ होकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश गुलेल, लोहे के सब्बल और पिस्टल से लैस थे। उन्होंने एक के बाद एक दो ज्वेलरी दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये का माल समेट लिया।

वारदात के दौरान न सिर्फ दुकानों को निशाना बनाया गया, बल्कि विरोध करने और पीछा करने वालों पर जानलेवा हमला भी किया गया। इस घटना के बाद सराफा बाजार के व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है।

CCTV तोड़े, सोना-चांदी और नकदी ले गए

डकैतों ने सबसे पहले सराफा कारोबारी राजेंद्र विजयवर्गीय की दुकान को निशाना बनाया। ताले तोड़कर अंदर घुसे बदमाश करीब 1 किलो चांदी, 3 तोला सोना और लगभग 3 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

इसके बाद पास ही स्थित सचिन सोनी की श्री बागेश्वर ज्वेलर्स का ताला तोड़ा गया। यहां से बदमाशों ने अलमारी तोड़कर 32 हजार रुपये नकद, लगभग 200 ग्राम चांदी और कुछ औजार चुरा लिए।

हैरानी की बात यह रही कि दुकानों के ऊपर परिवार रहते हैं, इसके बावजूद डकैत पूरी बेखौफी के साथ वारदात करते रहे।

डकैती के बाद बदमाश पास ही स्थित गोपालचंद सोनी (75 वर्ष) की दुकान पर पहुंचे। गोपालचंद दुकान के अंदर ही सो रहे थे। शटर की आवाज सुनकर वे जाग गए और शोर मचाने लगे।

इस पर बदमाशों ने बाहर से ही शटर के नीचे से लोहे का सब्बल अंदर घुसा दिया, जिससे बुजुर्ग व्यापारी के पैर में चोट आई। स्थिति भांपते हुए गोपालचंद ने अंदर से दूसरा ताला लगा लिया और जोर-जोर से आवाज लगाई, जिससे बदमाश अंदर नहीं घुस पाए और उनकी जान बच गई।

पीछा करने पर फायरिंग, गुलेल से हमला

शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए, जिसके बाद बदमाश बांसवाड़ा क्षेत्र की ओर भागे। भागते समय उन्होंने एक बाइक भी चोरी कर ली।

स्थानीय युवक अमित मेवाड़े, कमल मेवाड़े और एक अन्य युवक ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पिस्तौल से फायरिंग की और गुलेल से पत्थर चलाए।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.