सतवास में बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए बवाल और देर रात कथित हवाई फायरिंग की घटना के बाद ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी को लेकर गुरुवार को सतवास तहसील के ब्राह्मण समाजजनों ने तहसीलदार को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में समाजजनों ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल नारायण सोनी ने आगजनी की घटना में झुलसे व्यास परिवार को दोबारा डराने और धमकाने की नीयत से अपने घर से हवाई फायर किए। इसके साथ ही आरोप है कि उसकी बहन उमा सोनी और पत्नी थाना परिसर में बंदूक लेकर पहुंचीं और वहां मौजूद नागरिकों को धमकाया।

समाजजनों का कहना है कि पुलिस ने भले ही बंदूक जब्त कर ली हो और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया हो, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोप है कि आरोपी अभी भी पीड़ित व्यास परिवार को धमका रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है।

न्यायिक जांच और तहसीलदार पर कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान विवादों में घिरे और वर्तमान में निलंबित तहसीलदार दिवाकर को सेवा से बर्खास्त कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की गई है।

पीड़ितों की हालत गंभीर, इंदौर में इलाज जारी

इधर आत्मदाह के प्रयास में गंभीर रूप से झुलसे संतोष व्यास और उनकी पत्नी जयश्री व्यास की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। दोनों का इलाज इंदौर में जारी है।

गुरुवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी भी सतवास पहुंचे और पीड़ित व्यास परिवार से मुलाकात कर हालचाल जाना। उन्होंने पूरी घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित

ज्ञापन का वाचन कैलाश जोशी ने किया। इस दौरान नारायण व्यास, विजय व्यास, ज्ञानचंद्र शर्मा, ओम शर्मा, ओम उपाध्याय, कैलाश पांडा, निर्मल पुरोहित, सुनील शर्मा, दीपक पंचोली, राजेश जोशी, योगेश शर्मा, कुलदीप शर्मा, मुकेश व्यास, लाला जोशी, संतोष व्यास, संजय शर्मा, योगेंद्र दुबे, अजय दुबे सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.