15 से अधिक गंभीर अपराधों में लिप्त हिस्ट्रीशीटर बदमाश अमजद खान का पंवासा पुलिस ने गुरुवार को जुलूस निकाला। आरोपी पर अवैध हथियार, डकैती, पशु क्रूरता, गोवंश वध, गोमांस परिवहन, मारपीट, धमकी और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने जैसे मामलों में 15 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी अमजद खान पिंगलेश्वर मार्ग पर मौजूद है। दबिश के दौरान वह बाइक से भागने लगा, लेकिन फिसलने से उसके पैर में गंभीर चोट आई। मौके से देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिस पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।

इलाज के बाद पुलिस उसे मक्सी रोड स्थित पंवासा क्षेत्र लेकर पहुंची, जहां उसका लंबे समय से आतंक था। घायल होने के कारण आरोपी पुलिस का कंधा पकड़कर लंगड़ाते हुए चलता नजर आया।

थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई ने बताया कि अमजद खान संगठित रूप से गोवंश वध और गौमांस तस्करी में शामिल रहा है, जिससे क्षेत्र में लोक शांति भंग होने की आशंका बनी रहती थी। ताजपुर और आसपास के गांवों में उसके कारण भय और तनाव का माहौल था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अब राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.