मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, भोपाल में पत्रकारों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, श्री एंदल सिंह कंषाना, श्री विश्वास सारंग, श्री लखन पटेल, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा और प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल मंचासीन रहे।

इंदौर हादसे में मृतकों की संख्या पर सीएम यादव का बयान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में हाल ही में हुई दुखद घटना और उसमें मृतकों की संख्या को लेकर आ रहे विभिन्न आंकड़ों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा:

“एक भी व्यक्ति की जान जाना अत्यंत कष्टकारी है। मृतकों की संख्या और राहत राशि के मामले में प्रशासन ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और नगर निगम के मृत्यु पंजीकरण के आधार पर आंकड़े तय किए हैं। जो भी संख्या अंतिम रूप से सामने आएगी, राज्य सरकार संबंधित परिजनों को राहत राशि प्रदान करेगी। यह घटना अत्यंत दुखद है और सरकार हर समय प्रभावितों के साथ है।”

यह बयान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान दिया।

‘जी राम जी योजना’ और राज्य सरकार की तैयारियाँ

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की ‘जी राम जी योजना’ पर भी मीडिया से चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा देश की चार प्रमुख जातियों — गरीब, युवा, किसान और महिलाएं — को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। राज्य सरकार इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को क्रियान्वित कर रही है।

किसान वर्ष और युवा वर्ष का ऐलान

डॉ. मोहन यादव ने बताया कि राज्य सरकार 2026 को ‘किसान वर्ष’ और 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है। किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के सुधार के लिए राज्य सरकार जल्द ही सर्वदलीय बैठक बुलाएगी, जिसमें देश के अन्य राज्यों के कृषि विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस बैठक के माध्यम से किसानों के हित में व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा और इसके बाद ठोस एवं प्रभावी फैसले लिए जाएंगे।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply