उज्जैन जिले के तराना क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता सोहेल ठाकुर पर बीती रात जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने पीछे से आकर सिर पर टामी से वार किया, जिससे सोहेल ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले में पांच से अधिक आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मुख्य आरोपी, जिसने सोहेल ठाकुर के सिर पर टामी से हमला किया था, अब तक फरार है।
प्रशासन को दिया गया अल्टीमेटम
मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने प्रशासन पर दबाव बनाते हुए रात करीब 9:10 बजे स्पष्ट अल्टीमेटम दिया था कि सुबह 9 बजे तक ठोस कार्रवाई और परिणाम सामने लाए जाएं। इसके बाद पुलिस ने रात करीब 2:30 बजे गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया।
विहिप उज्जैन विभाग मंत्री विष्णु पाटीदार ने कहा कि संगठन ने तय समय से पहले ही प्रशासन को चेतावनी दे दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, संगठन संतुष्ट नहीं होगा। आगे की रणनीति वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देशानुसार तय की जाएगी।
घटना के विरोध में विहिप कार्यकर्ताओं द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। संगठन का कहना है कि यह पाठ प्रशासन को सद्बुद्धि देने और हिंदू समाज के साथ हो रही घटनाओं को एकतरफा नजरिए से न देखने का संदेश है।
विहिप नेताओं ने बताया कि फिलहाल पुलिस प्रशासन सहयोग कर रहा है, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी कई सवाल खड़े करती है। प्रशासन से आगे की बातचीत के बाद ही आगामी आंदोलन या कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
PUBLICFIRSTNEWS .COM
