उत्तर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ब्राउन हॉल में आयोजित कैंसर जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस भव्य आयोजन का उद्देश्य समाज में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना और इसके बचाव के उपायों पर चर्चा करना था। कार्यक्रम का आयोजन वत्सल एनजीओ द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और वक्ताओं ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर जांच की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। वत्सल एनजीओ की प्रमुख डॉ. नीलम सिंह ने आधुनिक जीवनशैली में हो रहे बदलावों, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सही समय पर जांच और परामर्श से कैंसर जैसी बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने फावा (Forum for Advancing Women Agenda) से जुड़े कर्मचारियों और वॉलंटियर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जो जमीनी स्तर पर कैंसर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। मंत्री ने उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि समाज को शिक्षित करना ही कैंसर के खिलाफ सबसे बड़ी लड़ाई है।
राज्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक संस्थाएं कंधे से कंधा मिलाकर काम करती हैं, तभी ऐसे जागरूकता अभियान सफल होते हैं। उन्होंने वत्सल एनजीओ और फावा द्वारा किए जा रहे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कैंसर उपचार के लिए उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि इन योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाएं, ताकि जरूरतमंदों को समय पर मुफ्त या किफायती इलाज मिल सके। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
PUBLICFFIRSTNEWS.COM
