मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय बजट 2026–27 को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में एक प्रभावी और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट देश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने वाला है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बजट में गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं पर विशेष फोकस किया गया है। यह बजट विकास को और अधिक गति देगा तथा भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक अर्थव्यवस्था में उच्च स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आर्थिक प्रगति को बढ़ाना, जनसामान्य की अपेक्षाओं को पूरा करना और सबका साथ–सबका विकास बजट की प्रमुख विशेषताएं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास, सभी शहरी आर्थिक क्षेत्रों पर अगले पांच वर्षों में 5000 करोड़ रुपये खर्च करने, छोटे शहरों में तीर्थ स्थलों के विकास, प्रत्येक जिले में एक महिला छात्रावास के निर्माण और जिला अस्पतालों के उन्नयन जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनसे मध्यप्रदेश को व्यापक लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट में वस्त्र उद्योग क्षेत्र में सुधारों पर विशेष बल दिया गया है, जिससे मध्यप्रदेश को भी सीधा फायदा होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश को पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क की बड़ी सौगात दी गई है। इस परियोजना से करीब तीन लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और छह लाख किसानों को लाभ होगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार पीएम मित्र पार्क से प्रदेश का मालवा–निमाड़ अंचल औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ेगा। केंद्र सरकार की वस्त्र उद्योग से जुड़ी दूरगामी नीतियों का लाभ न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश को मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय बजट 2026–27 के लिए प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का अभिनंदन किया। उन्होंने यह विचार इंदौर में केंद्रीय बजट पर विषय विशेषज्ञों से संवाद और विचार-विमर्श के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट को लेकर सभी वर्गों और क्षेत्रों से सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आ रही है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply