मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की प्रेसवार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य के विरोध करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है।

मंत्री सारंग ने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित सीमा से भी कम ऋण लिया है। उन्होंने कहा कि जनता के कल्याण के लिए ऋण लेना कोई बुराई नहीं है, बल्कि देश के जाने-माने अर्थशास्त्री भी इस बात से सहमत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में आर्थिक अनुशासन पूरी तरह कायम है।

केंद्रीय बजट को लेकर मंत्री सारंग ने कहा कि यह बजट 2047 के विकसित भारत की मजबूत नींव रखता है और इसमें हर वर्ग व हर क्षेत्र के लिए पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं।

कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी पर भी साधा निशाना

प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि अपने गुर्गों को पद देना कांग्रेस की कार्यशैली रही है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपनी पूरी कार्यकारिणी को एकसाथ इकट्ठा कर के दिखाए। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में अनुशासन नाम की कोई चीज नहीं है।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस को घेरा

जीतू पटवारी के भारत-अमेरिका ट्रेड डील संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को किसी भी विषय का ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सिद्ध कर दिया है कि राष्ट्र प्रथम है, और उनके नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है।

मंत्री ने कहा कि अमेरिका के साथ हुई डील यह दर्शाती है कि भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। साथ ही राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी स्क्रिप्टेड बातें करते हैं, इसलिए प्रदेश अध्यक्ष भी स्क्रिप्टेड बयान देते हैं।

कांग्रेस के टैलेंट हंट पर कटाक्ष

प्रदेश कांग्रेस के टैलेंट हंट कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस टैलेंट की बात तो करती है, लेकिन योग्यता और प्रतिभा उसकी डिक्शनरी में ही नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर वास्तव में टैलेंट को महत्व दिया जाता, तो ना इंदिरा गांधी, ना राजीव गांधी और ना ही राहुल गांधी कांग्रेस में नेता बनते।

जीआई टैग पर सरकार की पहल की सराहना

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के उत्पादों को जीआई टैग के लिए भेजे जाने पर मंत्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार विकास और जनकल्याण के नए अवसर सृजित कर रही है। जीआई टैग मिलने से प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply