जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में संयुक्त सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि आतंकियों की मौजूदगी को लेकर मिली खुफिया सूचना के आधार पर मंगलवार को इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया था।

जैसे ही सुरक्षाबलों ने संदिग्ध इलाके में संपर्क स्थापित किया, आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ तेज हो गई। हालात को देखते हुए तुरंत अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया, ताकि आतंकियों को भागने का कोई मौका न मिल सके।

अधिकारियों के अनुसार, आतंकी एक गुफा में छिपे हुए थे, जहां बाद में सुरक्षाबलों ने उन्हें घेरकर मार गिराया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया है और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

इस पूरे ऑपरेशन को लेकर व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की है। पोस्ट में बताया गया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की खुफिया सूचना के आधार पर CIF डेल्टा और व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने JK पुलिस और CRPF के साथ मिलकर बसंतगढ़ के जोफर वन क्षेत्र में एक केंद्रित आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया।

फिलहाल बसंतगढ़ और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट घोषित है। सुरक्षा बल यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि क्षेत्र में कोई अन्य आतंकी मौजूद न हो।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply