शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम जोन क्रमांक-2 की टीम ने स्विमिंग पूल के निकट पंच पीर मजार के समीप अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की।
इस अभियान के दौरान निगम ने लगभग 6,000 स्क्वायर फीट शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
भारी संसाधनों का किया गया उपयोग
अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर 4 जेसीबी मशीनें और डंपर तैनात किए गए। निगम की टीम ने क्षेत्र में बने टीन शेड, दीवारें और बाउंड्रीवॉल को हटाया तथा बाद में भूमि का समतलीकरण किया गया।
असामाजिक गतिविधियों का बना हुआ था अड्डा
नगर निगम के अनुसार, यह क्षेत्र लंबे समय से अवैध कब्जे और जंगली झाड़ियों से घिरा हुआ था, जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता था और लगातार गंदगी फैलाई जा रही थी। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र की सफाई कराई गई।
भविष्य में अतिक्रमण रोकने के निर्देश
निगम प्रशासन ने संबंधित स्थल पर शासकीय भूमि का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो सके। इसके साथ ही निगम द्वारा लगातार मुनादी कर नागरिकों से अतिक्रमण और गंदगी फैलाने से बचने की अपील की जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं निगम कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
