योगेश्वर टेकरी क्षेत्र में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर में फ्रिज फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते चार मकान उसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन दमकल वाहन के देर से पहुंचने के कारण आग ने आसपास के अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की चपेट में आए सभी मकान लकड़ी के ढांचे पर बने टीन शेड के थे, जिस कारण आग एक के बाद एक घरों में तेजी से फैलती चली गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय एक बुजुर्ग अपने घर में चाय बना रहे थे, तभी अचानक फ्रिज में आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा मकान जलने लगा।
आग सबसे पहले रमेश मदनलाल के घर में लगी, जिसने बाद में रमेश द्रोणावत, ओम ललावत सहित एक अन्य मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से घरों में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
