उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने वल्लभ भवन में रीवा जिले के गुढ़ स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में चल रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने नगर परिषद गुढ़ एवं औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ में प्रस्तावित महत्वाकांक्षी जल प्रदाय योजना के कार्यों को शीघ्र क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 16 करोड़ रुपये लागत की इस जल प्रदाय परियोजना में अब तक केवल 7 करोड़ रुपये का ही कार्य पूर्ण हो सका है। परियोजना के अंतर्गत नगर परिषद गुढ़ को 5 एमएलडी और औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ को 5 एमएलडी जल उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल प्रदाय व्यवस्था सुदृढ़ होगी और औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि किसी भी औद्योगिक क्षेत्र के समुचित विकास के लिए बिजली, पानी, सड़क और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं का मजबूत होना आवश्यक है। इन सुविधाओं की कमी के कारण औद्योगिक संस्थान निवेश करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, जिससे क्षेत्र का औद्योगिक विकास प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया के विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और बिजली, सड़क, जल एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के विस्तार के लिए तत्काल और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया का समग्र विकास रीवा जिले की औद्योगिक पहचान को मजबूत करेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उद्योगों की स्थापना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों प्रकार के रोजगार बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री चंद्रमौली शुक्ला सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
