छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने 62वें जन्मदिन के अवसर पर राजधानी Raipur स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की और रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए अल्फा ग्लोब फाउंडेशन, रायपुर और शिवनाथ ब्लड सेंटर के सहयोग से 62 यूनिट रक्तदान का विशेष लक्ष्य निर्धारित किया गया था। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर रक्तदान किया।
“रक्तदान महादान है” – मुख्यमंत्री
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “रक्तदान महादान है और यह मानवता की सच्ची सेवा है।” उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, प्रसव एवं गंभीर बीमारियों के दौरान जब मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है, तब रक्तदाता किसी के जीवन में नई आशा का संचार करते हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए हैं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे या उनके परिजन निःशुल्क रक्त प्राप्त कर सकेंगे।
11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प
आयोजक संस्था ने एक वर्ष में लगभग 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह करने का संकल्प लिया है। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न ब्लड बैंकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि राज्य में रक्त की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।
सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान भी आयोजित
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान का भी आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करें और सड़क यातायात नियमों का पालन कर अपने तथा दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
गणमान्य जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, सीजीएमएससी के चेयरमैन श्री दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, श्री पी. दयानंद, डॉ. बसवराजु एस सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अल्फा ग्लोब फाउंडेशन की संचालक डॉ. पूनम अग्रवाल, संस्थान के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी रक्तदाताओं, आयोजकों, चिकित्सक दल एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
जन्मदिन को सेवा और समाजहित के कार्य से जोड़ने का यह प्रयास न केवल प्रेरणादायक रहा, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का भी संदेश देता है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
